उत्तराखण्डमुख्य समाचार

सीएम को पत्र भेज आरटीए, आरटीओ देहरादून के विरुद्ध जांच की मांग

देहरादून

महानगर सिटी बस सेवा महासंघ के अध्यक्ष विजयवर्धन डंडरियाल ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सचिव परिवहन को पत्र प्रेषित कर आरटीए, आरटीओ देहरादून के विरुद्ध जांच की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा एक आदेश दिया गया था जिसमें कहा गया था कि नए स्थाई सवारी गाड़ी परमिट में नए वाहन को ही लगाया जाए। जबकि पूर्व में कई सिटी बस वाहन स्वामियों द्वारा चार महीने के टेंपरेरी (अस्थाई) परमिट पर पुराने वाहनों से ही रूट मार्ग पर संचालन किया गया, लेकिन जब अस्थाई परमिट की चार माह की अवधि समाप्त होने के पश्चात उनके द्वारा पुराने वाहन पर ही स्थाई सवारी गाड़ी परमिट की मांग की गई। उन्होंने बताया कि तो आरटीओ देहरादून द्वारा बताया गया कि न्यायालय के आदेश हैं इसलिए आपको नए वाहन के साथ ही स्थाई सवारी गाड़ी परमिट देंगे, लेकिन आरटीए देहरादून की बैठक में मद एवं संकल्प संख्या 14 में देहरादून के तीन व्यक्तियों को देहरादून रायपुर मालदेवता मार्ग पर पुराने वाहन में स्थाई सवारी गाड़ी परमिट दिया गया। उन्होंने कहा कि इन व्यक्तियों को पुराने वाहन में परमिट देते समय उच्च न्यायालय के आदेश का पालन क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री से मांग है कि यह भ्रष्टाचार का मामला है इसमें जांच कराई जाए।