उत्तराखण्ड

डीलर मई माह का राशन नहीं उठाएंगे

 

रुड़की। मांगों को लेकर राशन डीलर एफसीआई गोदाम में धरने पर बैठ गए। उन्होंने खाद्य आपूर्ति निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मांगें पूरी करने की बात कही। इस दौरान राशन डीलरों ने मई माह का राशन न उठाने का सामूहिक निर्णय लिया। इसके साथ ही राशन डीलरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा। नए पुल के समीप रुड़की ब्लॉक क्षेत्र के राशन डीलर अध्यक्ष अनीस गौड़ की नेतृत्व धरने पर बैठे। डीलरों ने आगामी मई माह में पूर्ण रूप से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। गुरुवार से ही मई माह का एडवांस राशन ना उठाने का भी सामूहिक निर्णय राशन डीलरों ने लिया है। कोटेदारों का कहना है कि उनकी मुख्य रूप से तीन मांगें हैं। जिसमें साल 2022 का 7 माह का रुका हुआ लाभांश तुरंत दिए जाने, जनवरी 2023 से अप्रैल 2023 तक 4 माह का खाद्य सुरक्षा योजना का जो भुगतान शेष है जिसका भुगतान राशन डीलर के खाते में करने और राशन डीलर को कमीशन एवं लाभांश के अतिरिक्त मानदेय लागू किया जाए। डीलरों का कहना है कि विभाग उन पर रोज नए नियम लागू कर रहा है। लेकिन समस्याओं को नहीं देखा जा रहा। इस दौरान राशिद मलिक, अतहर अली, सत्यपाल, गगन सक्सेना, तेजप्रताप, महेंद्र, मुकेश, शाहिद हसन, अय्यूब हसन, महिपाल, मसरूर, संजय सैनी, विनोद सैनी, गालिब हसन, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।