उत्तराखण्डमुख्य समाचार

सरकारी स्कूलों में लगाएं अग्निशमन यंत्र :  डीईओ बेसिक

रुड़की

जिले भर के सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में बहुत जल्द आग से निपटने के लिए यंत्र लगाए जाएंगे। स्कूलों में पिछले दिनों हुई आग लगने की घटनाओं के बाद जिला शिक्षाधिकारी बेसिक ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत संयुक्त विद्यालय अनुदान की धनराशि से अग्निशमन यंत्र खरीदने के आदेश जारी किए हैं। महंगे निजी स्कूलों में आग से निपटने के सभी इंतजाम रखे जाते हैं। परंतु सरकारी स्कूलों में अभी यह सुविधा मौजूद नहीं है। अब सरकारी स्कूलों में भी बहुत जल्द आग पर काबू पाने के सारे इंतजाम मौजूद होंगे। डीईओ बेसिक ब्रह्मपाल सिंह ने जनपद के सभी प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को इस बाबत आदेश जारी किए हैं। आदेश में उन्होंने कई जगह आग लगने से हुए नुकसान का हवाला देते हुए सभी स्कूलों में आग से निपटने के प्राथमिक इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि स्कूलों को हर साल समग्र शिक्षा अभियान के मद से संयुक्त विद्यालय अनुदान की धनराशि मिलती है। इस साल भी जल्द ही यह अनुदान स्कूलों का भेजा जा रहा है। उन्होंने इस अनुदान की धनराशि से अग्निशमन यंत्र खरीदकर स्कूलों में फिट करने के आदेश दिए हैं। तब तक पुरानी बाल्टियों आदि में रेत भरकर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।