उत्तराखण्ड

नवाबगढ़ गांव पहुंचा आप का शिविर

विकासनगर

आम आदमी पार्टी का आपका सेवक, आपके द्वार कार्यक्रम सोमवार को नवाबगढ़ गांव पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के आय, जाति, निवास आदि प्रमाण पत्र बनाने को आवेदन लिए। साथ ही ग्रामीणों को पार्टी की नीतियां भी बताई। सोमवार को नवाबगढ़ गांव में आयोजित निशुल्क कैंप का शुभारम्भ वरिष्ठ नेता गुरमेल सिंह राठौर ने किया। उन्होंने ग्रामीणों का कैंप में स्वागत करते हुए शिविर का लाभ उठाने की अपील की। बताया कि कैंप में ग्रामीण अपने आय, निवास, जाति आदि प्रमाण पत्र आवेदन के साथ वोटर लिस्ट में नाम भी दर्ज करा सकते हैं। जिसके बाद मात्र दस से पंद्रह दिनों के भीतर ग्रामीणों को उनके प्रमाण पत्र घरों पर ही उपलब्ध कराये जाएंगे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पार्टी की नीतियों से भी अवगत कराया। साथ ही भाजपा और कांग्रेस पर प्रहार भी किए। कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने मात्र जनता को लूटने और छलने का काम किया है। भाजपा शासनकाल में लोग जहां बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं, वहीं महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। जिससे एक आम आदमी के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए आगामी चुनाव में भ्रष्ट सरकार को जवाब देने की बात कही। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शिविर में पहुंचे दर्जनों लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन और दस्तावेज जमा किए। इस मौके पर वीरेन्द्र सिंह चौधरी, शराफत अली, नफीस, आरुषि, सरीन, मुकेश आदि मौजूद रहे।