राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
विकासनगर
होशियार सिंह जैन बालिका इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने छात्राओं को एनीमिया एवं थैलेसीमिया रोग एवं निदान की जानकारी दी। सोमवार को विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रधानाचार्य रेखा अग्रवाल ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए छात्राओं से कार्यक्रम का लाभ उठाने की बात कही। इसके बाद स्वास्थ्य टीम की सदस्य सुषमा मल्होत्रा और राकेश रावत ने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि एनीमिया एवं थैलेसीमिया रक्त से जुड़े गंभीर रोग हैं। एनीमिया जहां खान-पान और जीवन शैली से जुड़ा रोग है, वहीं थैलीसीमिया आनुवांशिक है। एनीमिया का उपचार खान-पान में सुधार लाकर किया जा सकता है, जबकि थैलीसीमिया के उपचार हेतु बोनमेरो ट्रांसप्लांटेशन किया जाता है। उन्होंने अध्यापिकाओं और छात्राओं से समय-समय पर रक्त की जांच कराने की बात भी कही। इस मौके पर अनूप बिष्ट, कुसुम, रचना, ममता, कोमल, सोनिया, वंदना आदि मौजूद रहे।
