भर्ती घपले में बिना किसी भेदभाव के कारवाई कार रही सरकार : मनवीर चौहान
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि भर्ती घपलों में सरकार बिना किसी भेदभाव के कारवाई कर रही है। सरकार परीक्षाओं में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कृत संकल्पित है।
शुक्रवार को चौहान ने कहा कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं भविष्य में पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से हो सके। इसके लिए सरकार नकल माफिया और इसमें मिलीभगत करने वालों को चिन्हित कर लगातार कारवाई करती आ रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भ्रष्टाचार रूपी वृक्ष जो खड़ा हो चुका था, उसको खत्म करने के लिए यह बीड़ा उठाया गया है। गड़बड़ी करने वालों में चाहे कोई भी व्यक्ति हो, बिना किसी भेदभाव के कारवाई की। भाजपा सरकार में ही यह संभव हो सकता है। छोटे से लेकर बड़े अफसरों सभी को जेलों की सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के संज्ञान में जो भी शिकायतें आ रही हैं, उनकी तत्काल जांच कराई जा रही है। जांच में संलिप्ता पाएं जाने पर किसी को नहीं बख्शा जा रहा है।
चौहान ने कहा कि हरिद्वार भाजपा मंडल के एक अध्यक्ष का नाम भी सामने आने पर उस पर तत्काल कारवाई करते हुए पद से हटा दिया गया। नकल रोकने के लिए सरकार ने देश का सबसे सख्त कानून बनाने का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। अगली कैबिनेट में इस अध्यादेश को मंजूरी के लिए लाया जा रहा है।
