पति, सास, ससुर सहित चार के खिलाफ दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर और ननद पर मारपीट, गाली-गलौज करने और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत विकासनगर निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी कुछ वर्ष पूर्व अमन गुप्ता निवासी डोंगा से हुई थी, लेकिन शादी के बाद पति अमन गुप्ता, सास गीता, ससुर उमेश गुप्ता और ननद शिवानी दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज करने लगे। बताया कि उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुरूप पूरा दहेज दिया था, लेकिन ससुराली नगदी आदि की मांग करने लगे। मामला पुलिस हेल्प लाइन में गया, लेकिन वहां भी ससुराली माने नहीं और दहेज की मांग करते रहे। बताया ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया है। मायके में रहकर ही वह अपना जीवन यापन कर रही है। कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच चौकी प्रभारी डाकपत्थर अर्जुन सिंह गुसाईं को सौंप दी है।
