चित्र प्रदर्शनी से दर्शायी जाएगी आजादी की यात्रा
देहरादून
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रेंजर्स ग्राउंड में छह दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन होगा। गणतंत्र नमन विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी में देश की आजादी की यात्रा दर्शायी जाएगी। समापन पर बैंड परेड, ड्रोन शो, लाइट एंड शो और लेजर शो भी होगा। प्रदर्शनी का आयोजन केंद्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत की ओर से किया जा रहा है। सहायक निदेशक डॉ. संतोष आशीष ने बताया कि 26 जनवरी को प्रदर्शनी का शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से आजादी से लेकर अब तक यात्रा दर्शायी जाएगी। उत्तराखंड के स्वतंत्रता सेनानियों को जानने का भी मौका मिलेगा। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत उत्तराखंड और कर्नाटक की संस्कृति का अद्भत संगम देखने को मिलेगा। आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। खादी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। समापन पर शानदार बैंड परेड होगी। बताया कि कोई व्यक्ति निशुल्क इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं। इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन भी होगा। इसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
