जमीनी विवाद में किया हमला, दो लोगों पर केस दर्ज
रुडक़ी
जमीन के विवाद के चलते मारपीट के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव लिब्बरहेडी निवासी विपिन पुत्र मुन्ना ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के कुछ लोग उससे जमीन के मामले को लेकर रंजिश रखते हैं। इसके चलते वह लगातार उससे मारपीट करते रहते हैं। रविवार को आरोपियों ने खेत से लौटते समय रास्ते में उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने फावड़े से प्रहार कर उसे जख्मी कर दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उधर से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने नामजद आरोपियों मुकेश तथा विक्की निवासी ग्राम लिब्बरहेड़ी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक कुलेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में आरोपी मुकेश को गिरफ्तार किया गया है।
