सीबीआई जांच की मांग को लेकर उक्रांद कार्यकर्ता क्रमिक अनशन पर बैठे
देहरादून
विधानसभा भर्ती घोटालों सहित अन्य सभी भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराये जाने की मांग को लेकर घंटाघर स्थित पर्वतीय गांधी इन्द्रमणि बडोनी की प्रतिमा के समक्ष किरन रावत कश्यप, शकुंतला रावत, प्रीति थपलियाल तथा सुरेंद्र कुकरेती क्रमिक अनशन पर बैठे। इस अवसर पर क्रमिक अनशन पर बैठी उक्रांद की जिला कार्यकारी अध्यक्ष किरन रावत ने कहा कि सरकार पूरी कोशिश कर रही है हमारे इस आंदोलन को दबाने की जितनी कोशिश की जाएगी उससे दुगनी तेजी से पूरे उत्तराखंड में आंदोलन का प्रचार प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुमाऊं की बात करें या गढ़वाल की बात करें सभी युवा सड़कों पर नारे लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दूसरी बाद उक्रांद को पूर्व कैबिनेट मंत्री मातबर सिंह कंडारी का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि उक्रांद ने राज्य बनाया, राज्य का वास्तविक विकास उक्रांद ही कर सकता है, साथ ही उन्होंने कहा कि सभी संगठनो को एकजुट होकर उक्रांद द्वारा राज्य हित के मुद्दे पर एकजुट होकर आगे आना चाहिए। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि युवा प्रकोष्ठ इस आंदोलन को अंजाम तक पहुंचायेगा, यदि शीघ्र सीबीआई जांच नहीं की जाती है तो उक्रांद आमरण अनशन के लिए बाध्य होगा। इस अवसर पर धरने में अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
