उत्तराखण्ड

भोजनमाता कामगार यूनियन ने की न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा देने की मांग

ऋषिकेश

उत्तराखंड भोजनमाता कामगार यूनियन ने न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा समेत लंबित मांगों पर कार्रवाई करने की गुहार लगायी है। इस बाबत उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को मांग पत्र प्रेषित किया है। गुरुवार को भोजनमाता कामगार यूनियन की ब्लॉक अध्यक्ष अनीता वर्मा के नेतृत्व में ऋषिकेश के विभिन्न स्कूलों में मिड-डे मील बनाने वाली भोजन माताएं तहसील पहुंचीं। यहां उन्होंने एसडीएम अपूर्वा सिंह को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र के माध्यम से उन्होंने भोजन माताओं के मानदेय दो हजार को बढ़ाकर पांच हजार करने की घोषणा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री से जल्द शासनादेश जारी करने की मांग की। साथ ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी घोषित नहीं करने तक मासिक वेतन 18 हजार, मध्याह्न भोजन योजना का निजीकरण नहीं करने, श्रम सम्मेलनों की सिफारिश लागू करने, ग्रेच्यूटी की सुविधा आदि मांगें प्रमुखता से रखी। मौके पर ब्लॉक महामंत्री गुड्डी, ऊषा, रेखा, अर्चना, आना, पूनम, दीपा, पिंकी, सुषमा, गीता, प्रीति, चंद्रमा, ऐला देवी आदि मौजूद रहे।