देहरादून आ रही राप्ती गंगा एक्सप्रेस का इंजन हुआ बंद
ऋषिकेश
डोईवाला और हर्रावाला रेलवे स्टेशन के बीच जंगल में गुरुवार को इलेक्ट्रिक लाइन टूट गई। इससे गोरखपुर से देहरादून आ रही राप्ती गंगा एक्सप्रेस को डोईवाला रेलवे स्टेशन के समीप 2 घंटे 15 मिनट खड़ा रहना पड़ा। इलेक्ट्रिक लाइन ठीक होने के बाद यह ट्रेन देहरादून पहुंची। गुरुवार को गोरखपुर से देहरादून जा रही राप्ती गंगा एक्सप्रेस डोईवाला रेलवे स्टेशन से चंद मीटर की दूरी पर ही थी, तभी डोईवाला और हर्रावाला रेलवे स्टेशन के बीच जंगल में अचानक इलेक्ट्रिक लाइन टूट गई। इसके चलते इलेक्ट्रिक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इंजन के काम नहीं करने से ट्रेन प्रेमनगर बाजार के रेलवे फाटक को क्रॉस करते ही रुक गई। ट्रेन का इंजन प्लेटफार्म तक पहुंचा, लेकिन इसके डिब्बे प्लेटफार्म तक नहीं पहुंच पाए। ऐसे में यहां करीब एक घंटे तक प्रेमनगर बाजार का रेलवे फाटक बंद रहा, जिससे लोगों की आवाजाही भी ठप हो गई। देहरादून से डीजल इंजन बुलाया गया और डीजल इंजन के जरिए इस ट्रेन को खिंचकर डोईवाला रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1:47 बजे पहुंचाया गया। इस बीच रेलवे के इंजीनियर बिजली तार को ठीक करते रहे। अपराह्न करीब 3: 07 बजे इलेक्ट्रिक लाइन ठीक होने के बाद यह ट्रेन देहरादून के लिए रवाना हुई।
