उत्तराखण्ड

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का हुआ शपथ ग्रहण समारोह

ऋषिकेश

नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ऋषिकेश के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और महामंत्री प्रतीक कालिया सहित कार्यकारिणी ने विधिवत रूप से शपथ ग्रहण की। गुरुवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया। उन्होंने कहा कि व्यापारी किसी भी देश की रीढ़ होता है। वह देश की आर्थिकी को बनाकर रखता है। एक जुझारू व्यक्तित्व को ऋषिकेश के व्यापारियों ने अपना अध्यक्ष बनाकर समझदारी का परिचय दिया है। इससे निश्चित रूप से व्यापार मंडल मजबूत होगा। मेयर अनिता ममगाईं ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रतिनिधिमंडल के सलाहकार और परिषद के चेयरमैन अनिल गोयल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल की पूरे प्रदेश में 376 इकाइयां कार्यरत हैं। सभी प्रदेश पदाधिकारी एक-एक इकाई के साथ एकजुट होकर व्यापारियों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहे हैं। ऋषिकेश में भी हर परिस्थिति में प्रदेश संगठन नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ सदैव खड़ा है।