मुख्य समाचारराज्यों से

जिंदगी भर की औरंगजेब की इबादत, जेल जाने के समय याद आए महाराणा प्रताप कपिल मिश्रा

नई दिल्ली

उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सुबह सुबह दावा किया कि उन्हें भाजपा ने पार्टी में शामिल होने का संदेश दिया था, लेकिन मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, सर कटा लूंगा लेकिन उनके सामने झुकूंगा नहीं। उनके इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि जिंदगी भर औरंगजेब की इबादत करते रहे और अब जब जेल जाने का समय आया तो महाराणा प्रताप याद आ गए।
कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया कि जिंदगी भर औरंगजेब की इबादत की और चोरी और रिश्वतख़ोरी में जेल जाने का समय आया तो महाराणा प्रताप याद आ गए। उन्होंने कहा केस माफ कराने और भाजपा में आने के लिए आपने कितने पापड़ बेलें है, यह मीडिया और पोलिटिकल सर्कल में सबको पता है। पकड़े जाने पर हर भ्रष्ट, चोर, रिश्वतखोर ऐसे ही बिलबिलाता है।
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने लिखा कि हम जातिधर्म की राजनीति नहीं करते और अब चोरी के आरोप में जेल जाना है तो जातिकार्ड खेलना शुरू, महाराणा प्रताप के वंशज दारू बेचने-भ्रष्टाचार का कारोबार नहीं करते, उन्होंने तो देशविरोधी ताकतों को खत्म किया था जबकि आप सब देशविरोधी ताकतों से कंधे से कंधा मिलाकर चलने में विश्वास रखते हैं।
दरअसल, मनीष सिसोदिया ने अपने ट्वीट में लिखा था कि मेरे पास भाजपा का संदेश आया है। आप छोड़कर भाजपा में आ जाओ, सारे सीबीआई ईडी के केस बंद करवा देंगे। मेरा भाजपा को जवाब- मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूँ, राजपूत हूँ। सर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियो-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। मेरे ख़िलाफ सारे केस झूठे हैं, जो करना है कर लो।
आपको बता दें कि नई शराब नीति को लेकर मनीष सिसोदिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती हुए दिखाई दे रही है। मनीष सिसोदिया से जांच एजेंसी इस मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, मनीष सिसोदिया के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
कपिल मिश्रा ने एक ट्वीट किया कि खबर है कल देर रात केजरीवाल ने सिसोदिया के पैर पकड़ लिए कि अंदर जाने के बाद मेरा नाम मत लियो। सिसोदिया चिल्ला रहे थे कि जब चोरी सबने मिलकर की तो जेल मैं अकेला क्यों जाऊँ। अगर इस घटना की विडियो मिला तो शेयर करूंगा।