राज्यों से

चीनी लड़ाकू विमानों के हवाई सीमा के उल्लंघन पर भारत ने जताया सख्त ऐतराज

नई दिल्ली

भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख स्थित चुशुल-मोल्दो में हुई सैन्य स्तरीय विशेष वार्ता में भारत ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के करीब चीनी लड़ाकू विमानों द्वारा किए गए हवाई सीमा के उल्लंघन पर सख्त ऐतराज जताया। सूत्रों के मुताबिक 2 अगस्त को सैन्य स्तरीय विशेष वार्ता के दौरान भारत ने चीन के सामने अपनी चिंता रखी। सूत्रों ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में चुशुल-मोल्दो सीमा बिंदु पर हुई बातचीत में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने एलएसी के दोनों तरफ 10 किमी तक उड़ान गतिविधियां नहीं करने पर जोर दिया।
सूत्रों ने बताया कि एयर कमोडोर और कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की भारतीय टीम ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विश्वास बहाली के उपायों पर ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया। आपको बता दें कि भारत और चीन के बीच विश्वास कायम रखने के उपायों के तौर पर एलएसी के 10 किमी के अंदर तक लड़ाकू विमान उड़ाने पर सहमति है, लेकिन चीनी लड़ाकू विमानों ने इसका उल्लंघन किया है।
पूर्वी लद्दाख में एलएसी के करीब चीनी लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने के एक महीने बाद सैन्य स्तरीय विशेष वार्ता हुई। चीनी लड़ाकू विमान के एलएसी के करीब उड़ान भरने के बाद भारतीय वायुसेना ने भी जेट विमानों को उड़ाया था। भारतीय और चीनी वायुसेना के बीच टकराव जून के अंतिम सप्ताह में शुरू हुआ था, जब एक चीनी जे-11 लड़ाकू विमान ने पूर्वी लद्दाख में एलएसी के करीब उड़ान भरी, जिसके बाद भारतीय वायुसेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे खदेड़ दिया था। इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं की खबरें आई थीं। कोर कमांडर स्तर की वार्ता का अंतिम दौर पिछले महीने हुआ था, लेकिन यह कोई ठोस नतीजा हासिल करने में विफल रहा। विदेश मंत्री एस जयशंकर के बाली में अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात के 10 दिन बाद 16वें दौर की यह सैन्य वार्ता हुई।