विदेश

बांग्लादेश बाढ़ ने मचाई तबाही : 60 लाख लोग प्रभावित; राहत व बचाव के लिए सेना को बुलाया गया

ढाका

बांग्लादेश में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की वजह से त्राहिमाम मचा हुआ है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि राहत व बचाव कार्य के लिए सेना को बुलाया गया है। आधिकारिक अनुमान के अनुसार, मकानों में पानी घुस जाने के कारण करीब 60 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और देश के उत्तरी-पूर्वी और उत्तरी क्षेत्र की नदियों में जलस्तर लगातार बढऩे के कारण कई लोग अस्थाई शिविरों में रूके हुए हैं।
बाढ़ पूर्वानुमान और चेतावनी केन्द्र के प्रवक्ता ने कहा, देश की चार प्रमुख नदियों में से दो नदियों में जलस्तर खतरे के निशान से बहुत ऊपर है और हालात लगभग 2004 के बाढ़ जैसे हैं। कई लोगों को सुनामगंज में पानी भरने के बाद छतों पर शरण लेना पड़ा था, हालांकि बाद में नावों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
बाढ़ के कारण कितने लोगों की मौत हुई है इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। अनौपचारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है। एफएफडब्ल्यूसी ने मेघालय और बांग्लादेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को इस बाढ़ का कारण बताया है। जिसको देखते हुए बांग्लादेश ने सेना को प्रशासन की मदद के लिए बुलाया है।