भिलंगना क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में रोष
नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के हिंदाव व ग्यारह गांव पट्टियों में लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्र के लोगों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष बना है। क्षेत्र के लोगों ने शीघ्र विद्युत आपूर्ति में सुधार न करने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्यारह गांव-हिंदाव पटियों विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों तथा सदस्यों ने ऊर्जा निगम के ईई नई टिहरी को पत्र भेजकर बताया कि घनसाली सब स्टेशन के तहत दोनों पट्टियों से जुड़े फीडर से लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण उपभोक्ताओं को आये दिन परेशानी की समस्याओं से अवगत करवाया। समिति अध्यक्ष प्रताप सजवाण ने कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से जहां लोगों को दिक्कतें होती है वहीं छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। कहा क्षेत्र की एसटी व एलटी लाइनें क्षतिग्रस्त होने के साथ विद्युत लाइनों की तारें जगह-जगह झूल रही है, साथ ही कई जगहों पर खंभे भी झुके हुए है। विद्युत लाइनें घने जंगलों के बीच से गुजरने के कारण आंधी तूफान और बारिश में क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिस कारण क्षेत्र में कई दिनों तक विद्युत आपूर्ति ठप हो जाता ही है। कहा इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने ईई से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति दुरस्त करने की मांग की है। मांग करने वालों में समिति सचिव स्वरूप सिंह मेहरा, बुद्धि सिंह मेहरा, धर्म सिंह, फते सिंह राणा हैं।
