उत्तराखण्ड

अघोषित बिजली कटौती को लेकर दिया कांग्रेस ने धरना 

विकासनगर

पछुवादून क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नाकामी के चलते प्रदेश में बिजली संकट पैदा हुआ है।
सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर महेंद्रू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शपथ ग्रहण से पूर्व बिजली, पानी की दरें बढ़ाकर जनता का शोषण किया। अब अघोषित बिजली कटौती कर पछुवादून के साथ ही पूरे प्रदेश की जनता को गर्मी से झुलसने पर मजबूर कर दिया है। कहा कि प्रदेश सरकार की नाकामी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। बिजली संकट पैदा होने से उद्योग धंधों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने कहा कि बिजली कटौती के कारण किसान, व्यापारी, आम जनता सभी परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के पांच घंटे से अधिक कटौती की जा रही है। बिजली गुल होने से गांवों में पीने और सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। आलम यह है कि गांवों में कभी कभी लोगों को मोबाइल चार्ज करने तक के लिए बिजली मुहैया नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण बिजली संकट पैदा हुआ है। कहा कि बिजली संकट जल्द समाप्त नहीं होने पर कांग्रेस व्यापाक आंदोलन शुरू करेगी। प्रदर्शन करने वालों में विजेंद्र वालिया, सोमेंद्र टंडन, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, सदाकत अली जैदी, गिरीश सप्पल, बलजीत सिंह, रेशमा अंसारी, सुमन लता, देवानंद पासी, संजय अग्रवाल, फुरकान अहमद, भूपेश उपाध्याय, गौरव शर्मा, राहुल शर्मा, पंकज चौधरी, फहीम अंसारी, नौशाद अली, अभिराजन, असद खान आदि शामिल रहे।