अग्निशमन विभाग ने देखी होटल और आश्रमों में अग्नि सुरक्षा की व्यवस्थाएं
ऋषिकेश
तीन मई से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। सरकार और प्रशासन चारधाम यात्रा को लेकर व्यवस्थाएं जुटाने में लगा है। अग्निशमन विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी है। होटलों, आश्रमों में अग्नि से बचाव के उपकरणों की चेकिंग की जा रही है। चारधाम यात्रा को अब मात्र 10 दिन का समय शेष रह गया है। अग्निशमन विभाग की टीम भी अलर्ट मोड़ पर आ गई है। अग्निशमन विभाग ने ऋषिकेश के होटलों और आश्रमों में आग की घटना की रोकथाम के लिए सुरक्षा उपकरणों को चेक करना शुरू कर दिया है। साथ ही होटल और आश्रम कर्मचारियों को आगजनी की घटना से निपटने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि यात्रा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह से तैयार है। ऋषिकेश व आसपास के होटलों और आश्रमों में जाकर सुरक्षा उपकरणों को जांच की जा रही है। जहां पर सुरक्षा उपकरण बंद पड़े हैं, उन्हें फिर से दुरस्त करने के निर्देश संचालकों को दिए गए है। इसके बाद ही संचालकों ने सुरक्षा उपकरणों में कोई चूक या लापरवाही बरती तो उनकों नोटिस थमाए जायेंगे।
