लक्ष्मणझूला बंद होने के बाद विधायक समस्याएं सुनने पहुंची
ऋषिकेश
जर्जर हालात होने के चलते लक्ष्मणझूला पुल आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में स्थानीय लोगों की दिक्कतें भी बढ़ गई है। यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने के लिए मंगलवार को क्षेत्र में पहुंची। प्रशासन ने रविवार से लक्ष्मण झूला पुल से आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी है। पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाई है। यह पुल काफी पुराना हो चुका है, इसे विभागीय टीम ने भी खतरनाक घोषित कर दिया है। पिछले दिनों इसकी एक वायर भी टूट गई थी, जिसकी मरम्मत के बाद फिर से आवाजाही शुरू कर दी गई, लेकिन भीड़ का अत्याधिक दबाव को देखते हुए पुल से आवाजाही रोक दी गई। इसके चलते स्थानीय लोगों और व्यापारियों की दिक्कत बढ़ गई है। मंगलवार को यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पहुंची, उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों के साथ बैठक भी की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया। पुल बंद होने से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ पीडब्ल्यूडी के अफसर भी मौजूद रहे।
