उत्तराखण्ड

शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा देकर 1.38 लाख की ठगी

रुद्रपुर

शेयर बाजार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने रुद्रपुर निवासी एक व्यक्ति से 1.38 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वार्ड नंबर-36, आदर्श कॉलोनी निवासी आलमी राम आर्या ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 जून से 4 जुलाई के बीच दो मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप एवं फोन कॉल के माध्यम से उनसे संपर्क किया गया। आरोपियों ने खुद को ‘मनी ग्रो लाइफ कंपनी’ का प्रतिनिधि बताते हुए शेयर बाजार में निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपियों द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर तीन अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1,38,518 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 4 जुलाई से आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। तब पीड़ित को अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और धनराशि के लेनदेन की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *