सऊदी अरब के प्रिंस ने करायी थी पत्रकार खगोशी की हत्या
वॉशिंगटन……..
पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या में सऊदी अरब के राजकुमार ने अहम भूमिका निभाई थी। अमेरिका का कहना है कि सऊदी अरब के राजकुमार वली अहद मोहम्मद बिन सलमान ने इस्तांबुल स्थित सऊदी उच्चायोग में पत्रकार जमाल खशोगी को पकड़ने या उसकी हत्या करने के अभियान को मंजूरी दी थी। यह जानकारी 26 फरवरी को सार्वजनिक की गई एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में सामने आई है।
माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद जो बाइडेन प्रशासन पर राजघराने को हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराने का दबाव बढ़ सकता है। जमाल खशोगी की 2018 में तुर्की के इस्तांबुल में सऊदी अरब के दूतावास के अंदर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने आठ आरोपियों को सितंबर 2020 में सजा सुनाई थी। खशोगी को सऊदी अरब के वली अहद मोहम्मद बिन सलमान का कड़ा आलोचक माना जाता था।
यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सऊदी के नरेश सलमान से शिष्टाचार वार्ता की थी। हालांकि, व्हाइट हाउस की ओर से बातचीत के संबंध में जारी बयान में पत्रकार की हत्या का मामला सामने आने का कोई जिक्र नहीं किया गया था।
(हिफ़ी)
