उत्तराखण्डमुख्य समाचार

एटीएम लूट का एक और आरोपी गिरफ्तार

काशीपुर

एसबीआई के एटीएम लूट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तमंचा व 70 हजार की नगदी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी गांव शाहपुर थाना गंगोह जिला सहारनपुर निवासी है। पुलिस मामले में तीन आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है।19 दिसंबर की रात बदमाश रामनगर रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के बाहर लगे 11.13 लाख की नगदी के भरे एटीएम को उखाड़ कर ले गए थे। मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा कर गांव समसपुर कलां थाना सिरसावां निवासी नाजिम पुत्र कदीर, ग्राम बैगीनाजर, थाना गंगोह निवासी तासिम उर्फ काला उर्फ पहलवान पुत्र आशिक अली और ग्राम शाहपुर थाना गंगोह निवासी शमशुद्दीन उर्फ शम्शु पुत्र मोहम्मद हसन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि इस मामले में गांव शाहपुर थाना गंगोह जिला सहारनपुर निवासी इंतेजार पुत्र असगर फरार चल रहा था। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एएसपी अभय सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर घटना में वांछित आरोपी इंतजार को पुराना ढेला पुल के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस व 70 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर काशीपुर, राजस्थान में कोठपुतली, चौमू तथा मथुरा में भी घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी पर पूर्व में पांच मुकदमे दर्ज हैं।
ये रहे टीम में शामिल:  कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई नवीन बुधानी, एसआई सुनील सुतेड़ी, एएसआई प्रकाश बोरा, प्रेम सिंह कनवाल, सुरेंद्र सिंह, गौरव सनवाल व एसओजी के कुलदीप सिंह।