उत्तराखण्डमुख्य समाचार

हरिद्वार राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में अव्वल

हरिद्वार

उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं भारतीय रेडक्रॉस समिति के संयुक्त तत्वावधान में एचआईवी के नियंत्रण एवं जनजागरूकता विषय पर राज्यस्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में किया गया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सभी जनपदों की टीम ने प्रतिभाग किया। क्विज प्रतियोगिता में एचआईवी, एसटीओटीबी एवं अन्य स्वास्थ्य सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतिभागियों से किए गए। प्रतियोगिता में हरिद्वार के श्यामपुर स्थित श्रीराम विद्यामन्दिर की शुभिका, अर्पित एवं नवीन कुमार ने अधिकतम अंक प्राप्त कर हरिद्वार जनपद को प्रथम स्थान दिलाकर रीजनल स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का गौरव दिलाया। द्वितीय स्थान अल्मोड़ा जनपद से उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज की टीम से दीपिका एवं दिव्यांशी पाठक ने प्राप्त किया। तृतीय स्थान जनपद चम्पावत से आयुष शर्मा एवं नवल जोशी को मिला। विजेता टीमों को पुरस्कार के रूप में प्रथम स्थान के लिए 15000 रुपये, द्वितीय स्थान को 10000 रुपये और तृतीय स्थान को 5000 रुपये और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। परियोजना निदेशक डॉ. अजय कुमार ने कहा कि प्रतिभागी टीमों के छात्र-छात्राएं अपने जनपदों में एचआईवी के प्रति जागरूकता अभियानों में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रीराम विद्यामंदिर की टीम के प्रतिभागियों को आगामी माह में रीजनल क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ जिस प्रतियोगिता में नौ राज्यों की टीम प्रतिभाग करेगी।