सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता आज से
देहरादून
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में पांच नवंबर से सीबीएसई राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप शुरू हो रही है। यह प्रतियोगिता 10 नवंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में देश भर के 27 राज्यों से सीबीएसई के स्कूलों के 908 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन छह नवम्बर को विशेष प्रमुख सचिव खेल व एडीजी अमित सिन्हा, सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी रणबीर सिंह और उत्तराखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष आरएस तोमर करेंगे। बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी में देश के खिलाड़ी तेजी से विश्व में अपना मुकाम बना रहे हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी देहरादून पहुंचने शुरू हो गये हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें टीम इवेंट और व्यक्तिगत स्पर्धाएं भी शामिल हैं।
