पुलिस ने पीड़ित को 85 हजार की धनराशि लौटाई
श्रीनगर गढ़वाल। एक व्यक्ति से धोखाधड़ी से हड़पी गई 85 हजार रुपये की राशि को पीड़ित व्यक्ति के खाते में लौटाने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने बताया कि जुलाई 2021 में एक अज्ञात मोबाइल धारक महिला के द्वारा धोखाधड़ी से उक्त व्यक्ति से धनराशि हड़पी गई थी। जिस पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना कर रहे एसआई रणवीर रमोला ने बताया कि श्रीनगर निवासी विवेक चमोली द्वारा बताया गया था कि जुलाई-2021 को एक अज्ञात मोबाइल नंबर धारक महिला के द्वारा स्वयं को प्रॉफिट मार्ट सिक्योरिटी का कर्मचारी बताकर उन्हें इन्वेस्टमेंट कर आर्थिक लाभ कमाने का झांसा दिया गया था। जिससे उनके साथ 85 हजार की धोखाधड़ी की गई। कहा पुलिस द्वारा बार-बार सम्पर्क करने के बाद भी महिला द्वारा धनराशि नहीं लौटाई गई। इस मामले में गठित पुलिस टीम सर्विलांस के माध्यम से आरोपी के पते तक पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम आरोपी के पते गैर प्रांत मध्य प्रदेश इंदौर के लिए रवाना हुई। इस दौरान उसके पते पर कई बार दबिशें दी गई। ज्ञात हुआ कि आरोपी अपने परिजनों के साथ नहीं रह रही है। इसकी भनक लगने पर 23 मई को आरोपी नंदनी सोनी (28) निवासी सागर भोपाल मध्यप्रदेश ने वादी के खाते में धोखाधड़ी की धनराशि ₹85 हजार रुपये वापस कर दिए। पुलिस ने परिजनों को नियमानुसार आरोपी के हाजिर होने के संबंध में नोटिस तामिली कराई गई है। टीम में एसआई रणवीर रमोला, मुख्य आरक्षी माजिद खान, कांस्टेबल हरीश शामिल रहे।
