नवरात्र के नवें दिन सिद्धिदात्री की हुई पूजा अर्चना
हरिद्वार। नवरात्र के अंतिम दिन मां सिद्धिदात्री का पूजा अर्चना भक्तों ने घर और मंदिरों में की। बहुत से घरों में कन्याओं का पूजन किया गया। भक्तों ने मां के नौ रूपों के अनुसार नौ कन्याओं को घर पर भोजन खिलाकर उपहार भी दिए। गुरुवार को मां दुर्गा के नौवे स्वरूप की पूजा के साथ कंजक पूजन किया गया। भक्तों ने हलवा, पूरी, चने व अन्य पकवान बनाकर कंजक को भोग लगाया। कंजक को विदा करते समय विभिन्न प्रकार के उपहार भी दिए गए। सभी मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन और आरती कर मन्नतें मांगी।
मंदिरों में रही श्रद्धालुओं की भीड़: कई मंदिर और आश्रमों में चल रहे अनुष्ठानों की पूर्णाहुति की गई। नवमी के दिन सुरेश्वरी देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, मां बगला मुखी मंदिर, माया देवी, चंडी देवी, दक्षिण काली मंदिर, शीतला माता आदि में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। पंडित रमेश चंद तिवारी ने बताया कि नवरात्र में श्रद्धापूर्वक दान, व्रत करने से मां की विशेष कृपा होती है और सभी मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं।
