एक दिवसीय कोविड-19 महा टीकाकरण अभियान आयोजित किया
पौड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले के सभी ब्लाकों में विभिन्न केंद्रों पर एक दिवसीय कोविड-19 महा टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। डीएम डा. विजय कुमार जोगदण्डे ने राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ी गढ़वाल से विधिवत पूजा अर्चना कर रिबन काटकर महा टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। जिले के 204 केंद्रों में 25 हजार लोगों को टीकाकरण लगवाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके अलावा मोबाइल टीम घर-घर जाकर टीकाकरण करेगी। महा टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी ब्लाकों में नामित किए गए नोडल अधिकारियों की देखरेख में टीकाकरण करवाया जा रहा है। डीएम ने शुक्रवार को जीआईसी पौड़ी में स्थापित टीकाकरण स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक संख्या में टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। इसके बाद डीएम ने अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ल्वाली, हैल्थ एवं वैलनेस सेंटर डोभ श्रीकोट में टीकाकरण केंद्रों का निरीक्षण करते हुए समुचित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर सीएमओ डा. मनोज शर्मा, डा. पंकज जुयाल, डा. रश्मि बिष्ट, नोडल अधिकारी, पीएम स्वजल दीपक रावत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, डा. जितेंद्र भारती, एएनएम प्रभा खडक़वाल आदि शामिल थे।
