उत्तराखण्ड

डीएम से की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

पौड़ी

जिला अस्पताल में गर्भवती महिला की वार्ड के बेड पर ही डिलीवरी होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। महिला के पति ने इस मामले में डीएम से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने जिला अस्पताल के एमएस से मुलाकात कर इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई थी। मंगलवार को प्रेमनगर निवासी कमल सिंह भंडारी ने डीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा कि उनकी पत्नी प्रसव के लिए जिला अस्पताल में भर्ती थी। इस दौरान उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा हुई। जिस पर उन्होंने ने डयूटी में कार्यरत कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इस दौरान ना तो कोई नर्स या डाक्टर उनकी पत्नी को देखने आया और उनकी पत्नी ने वार्ड के बेड पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के हालात में जच्चा-बच्चा के साथ कुछ भी हो सकता है। उन्होंने डीएम से इस मामले में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। इस मौके पर राकेश गौरशाली, मनमोहन रावत, मनमोहन राणा, सुनील कुमार शामिल थे।