बेकरी के बाहर से बाइक चोरी
रुड़की। क्षेत्र में स्थित एक ईंट भट्टे पर कार्य करने वाला एक युवक खरीदारी करने के लिए मंगलौर आया था। जहां से उसकी बाइक चोरी हो गई। भट्टे पर कार्य करने वाले इमरान पुत्र यासीन निवासी ग्राम परसोली थाना बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह पांच मार्च को अपने एक परिचित की बाइक मांग कर मंगलौर खरीदारी करने के लिए आया था। मोहल्ला किला स्थित एक बेकरी पर सामान खरीदने के लिए उसने बाइक खड़ी की तथा सामान की खरीदारी करने लगा। कुछ देर बाद जब वह दुकान से बाहर आया तो बाइक वहां पर नहीं थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
