उत्तराखण्ड

भाजपा ने प्रदेश में मात्र मुख्यमंत्रियों की संख्या बढ़ाकर उनका विकास करने का काम किया -आकाश कृषाली

नई टिहरी

कांग्रेस प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य आकाश कृषाली ने कहा कि भाजपा विकास के लाख दावे कर ले, लेकिन विकास के नाम पर कोई बड़ा संस्थान भाजपा के शासनकाल में नहीं खड़ा किया गया है, इसके विपरीत भाजपा सरकार कांग्रेस के 70 साल के कार्यकाल में बनाये गये अहम राष्ट्रीय संपत्तियों को बेचने का ही काम किया है। कृषाली ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दुखद है कि टिहरी बांध के लिए अपन सर्वस्व गंवाने वाले बांध प्रभावितों की समस्याओं का समाधान किये बगैर टीएचडीसी को बेचने का काम किया गया है। जिससे आज बांध प्रभावितों की समस्या जस की तस बनी हैं। बांध प्रभावितों के लिए किये जाने वाले कल्याणकारी कामों को लेकर भी भाजपा सरकार व उसके नुमाईंदे चुप्पी साधे हैं। सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में दिये जाने से मनमानी व उत्पीडऩ बढ़ेगा। जिसे लेकर भाजपा की केंद्र सरकार को आम लोगों की जरा भी चिंता नहीं है। राज्य की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुये उन्होंने कहा कि प्रदेश में मात्र मुख्यमंत्रियों की संख्या बढ़ाकर उनका विकास करने का काम किया गया है। प्रदेश में विकास ठप होने के साथ ही जनता महंगाई व भ्रष्टाचार की मार झेल रही है। जीरो टालरेंस के नाम पर जनता को छलने का काम किया जा रहा है। बढ़ती बेरोजगार से युवा हताशा की ओर बढ़ रहे हैं। पीसीएस परीक्षा में पांच साल बाद करवाई जा रही है। शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती का लटका कर रख दिया गया है। बेरोजगार सडक़ों पर आकर रह गये हैं। जनता अब भाजपा के भ्रम जाल को समझ चुकी है। भाजपा के जनविरोधी नीतीयों को खामियाजा भुगतना पड़ेगा।