उत्तराखण्डमुख्य समाचार

दिल्ली एमसीडी व गुजरात विस चुनाव से मिली जीत से मिली नई उर्जा:  आप

 रुड़की

आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में अपेक्षित परिणाम नहीं आने से प्रदेश के कार्यकर्ता निराश जरूर हुए थे। लेकिन गुजरात विस और दिल्ली एमसीडी चुनाव में पार्टी की जीत से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। कार्यकर्ता अब दोगुनी मेहनत से काम कर रहे हैं। आप नेता नरेश शर्मा ने रविवार को लक्सर पहुंचकर पत्रकारों से बात की। कहा कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी का एक भी उम्मीदवार नहीं जीता था। यहां पार्टी को 3 से 4 फीसदी वोट मिले थे। अपेक्षित प्रदर्शन में होने की वजह से प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं में हल्की निराशा थी। लेकिन हाल ही में हुए दिल्ली एमसीडी के चुनाव में पार्टी को पूर्ण बहुमत मिला है। यहां पिछले दो दशक से भाजपा का बहुमत था। गुजरात विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के पांच प्रत्याशी जीते हैं। वहां आप पार्टी को लगभग 15 फीसदी वोट पड़े हैं। इन चुनावों के परिणाम ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है। अब आम आदमी पार्टी उत्तराखंड में पहले से भी अधिक लगन और मेहनत के साथ काम कर रही है।
उन्होंने अंकिता भंडारी की हत्या और मंत्री सतपाल महाराज के पीआरओ मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि दोनों मामलों में सरकार से जुड़े लोगों की संलिप्तता मिली है। उन्होंने दोनों मामलों की जांच किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश या सीबीआई से कराने की मांग की। साथ ही प्रदेश में किसानों के नलकूप कनेक्शन की बिजली फ्री करने की मांग भी रखी। अभी तक गन्ना मूल्य घोषित नहीं करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनके साथ डॉ. यूसुफ, खालिद हसन, खलील अहमद भी मौजूद रहे।