20 सूत्रीय मांगों के निराकरण को आंदोलन रहा जारी
अल्मोड़ा
20 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक समन्वय समिति का आंदोलन मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान गेट मीटिंग और जनजागरण अभियान के तहत कर्मचारियों ने लोनिवि के प्रागंण में प्रदर्शन किया। सरकार पर कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा करने का आरोप लगाया। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, वेतन विसंगतियां सुलझाने, शासन स्तर पर लिए निर्णयों पर शासनादेश जारी करने समेत 20 सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं। लेकिन कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। अब मजबूरन कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य है। मंगलवार को भी कर्मचारियों ने लोनिवि के प्रागंण में प्रदर्शन किया। अध्यक्षता अमरनाथ रजवार व सचिव संयोजक पुष्कर सिंह भैसोड़ा और संचालन महेंद्र सिंह गुसाई ने किया। यहां मुकेश कुमार, अमित कुमार, राजेश सिंह, रोशन, रेनू रावत, महिपाल सिंह, धमेंद्र सिंह, भुवन चंद्र जोशी, आदि मौजूद रहे।
