देशमुख्य समाचार

पीएम मोदी को सुरक्षा देने में असफल रहे फिरोजपुर एसएसपी, सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी

नई दिल्ली

जनवरी 2022 में पंजाब यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। मामले की सुनवाई कर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने कहा है कि फिरोजपुर एसएसपी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन करने में विफल रहे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भले ही पीएम के यात्रा रूट के बारे में उन्हें 2 घंटे पहले सूचित किया गया, लेकिन पर्याप्त बल उपलब्ध होने के बावजूद वह अपने कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहे।
सुप्रीम कोर्ट से जब वकील ने रिपोर्ट की कॉपी मांगी तब कोर्ट ने देने से इनकार कर दिया। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस इंदु मल्होत्रा की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट को सौंप दी। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने इंदु मल्होत्रा की रिपोर्ट को पढ़ते हुए बताया कि फिरोजपुर के एसएसपी को दो घंटे पहले बताया गया था कि प्रधानमंत्री उस मार्ग में प्रवेश करने वाले हैं, उसके बाद भी वह सुरक्षा देने में विफल रहे। कमेटी ने पीएम की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई सुझाव भी दिए हैं।
जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के बठिंडा एयरपोर्ट से हुसैनीवाला शहीद स्मारक में रैली को संबोधित करने जा रहे थे। पीएम का काफिला एक फ्लाइओवर पर 20 मिनट तक फंसा रहा। इसके बाद उन्हें वापस आना पड़ा। काफिले को रोकने की जिम्मेदारी एक किसान संगठन ने ली थी। वरिष्ठ वकील मनिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में हुई चूक का मामला मुख्य न्यायाधीश एन वी रमन्ना की बेंच के सामने उठाया था।