Saturday, October 17, 2026
उत्तराखण्डमुख्य समाचार

सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति का क्रमवार परीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्रशासन की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण पोर्टल पर दर्ज किया जाए। जिन मामलों में विलंब हो रहा है, उनके कारणों की समीक्षा कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता करने के लिए भी कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।