उत्तराखण्डमुख्य समाचार

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पौड़ी जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने अपने दो दिवसीय पौड़ी दौरे के दौरान जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। राज्यपाल ने अधिकारियों से अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया और पौड़ी जिला पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति के लिए सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पुस्तकालय के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिलेगा, वहीं अस्पताल की बेहतर सेवाएं आमजन को राहत देंगी। राज्यपाल ने स्थानीय जनता से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन का उद्देश्य जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा उपलब्ध कराना है। पौड़ी दौरे के दौरान राज्यपाल की पहल से जिले में विकास और जनकल्याण की दिशा में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।