उत्तराखण्डमुख्य समाचार

हरिद्वार AHTU द्वारा स्कूल में जागरूकता गोष्ठी, छात्रों को बताया मानव तस्करी और साइबर क्राइम से बचाव का तरीका

हरिद्वार

जनपद हरिद्वार में मानव तस्करी, साइबर अपराध, नशा और बाल श्रम जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जागरूकता गोष्ठी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (कोतवाली नगर, हरिद्वार) में सम्पन्न हुई, जिसमें करीब 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के कुशल निर्देशन में, पुलिस उपाधीक्षक (ज्वालापुर) एवं AHTU के नोडल अधिकारी अविनाश वर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

गोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक अपराधों विशेषतः मानव तस्करी, साइबर फ्रॉड, नशा, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और बाल अपराध से संबंधित विषयों पर जानकारी देना और उन्हें मानसिक रूप से सतर्क करना रहा।

ट्रैफिक नियम और नशा मुक्ति पर – ASI देवेंद्र कुमार
एएसआई देवेंद्र कुमार ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है और वाहनों को नियंत्रित गति से ही चलाना चाहिए। उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि “आज की युवा पीढ़ी नशे की ओर तेज़ी से बढ़ रही है, जो समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है।”

साइबर अपराध से बचाव – कांस्टेबल दीपक चंद
दीपक चंद ने छात्रों को बताया कि आज अपराधी इंटरनेट के माध्यम से आम जनता को ठगने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। छात्रों को विशेष रूप से यह सलाह दी गई कि वे अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया या अनजान लिंक पर शेयर न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।

मानव तस्करी और व्यक्तिगत सुरक्षा – कांस्टेबल मुकेश कुमार
मुकेश कुमार ने मानव तस्करी, ऑनलाइन फ्रॉड और अजनबियों से सतर्क रहने की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि, “आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। आज अगर सावधानी बरतेंगे, तो कल पछताना नहीं पड़ेगा।”

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन जानकारी – महिला कांस्टेबल शशिबाला
शशिबाला जी ने विशेष रूप से छात्राओं को जागरूक करते हुए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 112, 1930 आदि की जानकारी दी और बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी पर्सनल डिटेल साझा न करें। उन्होंने यह भी कहा कि “साइबर अपराध आज के युग की सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है, इससे लड़ने के लिए सबसे ज़रूरी है सतर्कता।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजयपाल सिंह, शिक्षक भूपेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, विजय अग्रवाल, राकेश सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। प्रधानाचार्य ने कहा कि “ऐसी गोष्ठियाँ न केवल छात्रों को जानकारी देती हैं बल्कि उन्हें भावनात्मक और मानसिक रूप से भी मज़बूत बनाती हैं।”

विद्यालय प्रशासन ने AHTU टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।

कार्यक्रम में पुलिस टीम निरीक्षक विजय सिंह,हेड कांस्टेबल राकेश कुमार ,कांस्टेबल मुकेश कुमार,कांस्टेबल दीपक, महिला हे0का0 सुरजीत कौर,महिला हे0का0 बीना गोदियाल,महिला कांस्टेबल शशिबाला ,महिला कांस्टेबल गीता शामिल रहे

हरिद्वार पुलिस की यह पहल निश्चित ही एक सकारात्मक संदेश देती है कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज का मार्गदर्शक और संरक्षक भी है। AHTU द्वारा चलाया गया यह अभियान आने वाले समय में बच्चों और युवाओं को सजग, जागरूक और ज़िम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।