उत्तराखण्डमुख्य समाचार

झगड़े के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

रुड़की

करीब दस दिन पूर्व हुए झगड़े के मामले में विपक्षियों की ओर से झूठा मुकदमा दर्ज करवाने का आरोप एक पक्ष ने लगाया है। आरोप है कि विपक्षियों ने खुद अपने घर में तोड़फोड़ की और उनके ऊपर आरोप लगाकर डकैती व अन्य धाराओं में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। मामले में पुलिस से जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। रुड़की में पनियाला रोड पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए नगला कुबड़ा निवासी आबिद ने बताया कि करीब डेढ़ माह पूर्व गांव का एक युवक उनके परिवार की एक लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले गया था। साथ ही घर में रखे साढ़े तीन लाख रुपये और डेढ़ लाख की नकदी भी युवती अपने साथ ले गई थी। आबिद के अनुसार जब उन्होंने युवक के परिजनों से बात की तो युवक के परिजनों ने उनकी लड़की को वापस बुला लेने की बात कही, लेकिन जब दस दिन बीत जाने के बाद भी उनकी लड़की नहीं आई और सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल की। जिसमें युवक और युवती ने कोर्ट मैरिज करने की बात स्वीकारी थी।
आरोप है कि वीडियो के बाद युवक के भाई ने घर के सामने खड़े होकर अश्लील बातें करनी शुरू कर दी और उनकी लड़की को लेकर उल्टे सीधे कमेंट करने शुरु कर दिए। जिसके बाद मारपीट की गई, लेकिन पुलिस को दी सूचना दी कि घर में तोड़फोड़ और डकैती की गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बिना जांच किए दस लोगों के खिलाफ डकैती, लूटपाट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आबिद ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।